गौ माता को कुचलकर मौत के घाट उतारने वालों पर कब होगी कार्रवाई ? बजरंग दल ने पुलिस को सौंपा ज्ञापन, CCTV जांच और आरोपी ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग
अज्ञात ट्रक ने ली गौ माता की जान, न्याय की मांग तेज: बजरंग दल ने पुलिस को सौंपा ज्ञापन, सख्त कार्रवाई की चेतावनी

पखांजूर।
पखांजूर क्षेत्र में एक अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से गौ माता की दर्दनाक मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना को लेकर हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश है। शुक्रवार को बजरंग दल पखांजूर के कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी पखांजूर को ज्ञापन सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और आरोपी ट्रक चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
बजरंग दल ने अपने ज्ञापन में कहा कि गौ माता को कुचलकर भाग जाना केवल एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि बेहद गंभीर और अमानवीय घटना है। यदि समय रहते आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया तो इससे कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होंगे और लोगों का विश्वास कमजोर होगा।
संगठन ने पुलिस से मांग की है कि घटना स्थल के आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की तत्काल जांच कर अज्ञात ट्रक की पहचान की जाए। साथ ही पशु क्रूरता अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।
बजरंग दल के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आगामी दिनों में व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान बजरंग दल के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति और आस्था का प्रतीक हैं तथा उनके साथ इस प्रकार की घटनाएं किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जा सकतीं। संगठन ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए जल्द से जल्द आरोपियों को कानून के कठघरे में लाने की मांग दोहराई।
फिलहाल क्षेत्र की जनता की नजर अब पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है कि आखिर कब तक अज्ञात ट्रक और उसके चालक की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाती है।



