धर्म जागरण की बस्तर संभाग प्रमुख मोनिका साहा की सहभागिता, तेंदुआ धाम में भव्य सावन महोत्सव
तेंदुआ धाम में सावन महोत्सव का भव्य आयोजन, करीब 500 लोगों की हुई ‘घर वापसी’

जांजगीर-चांपा।
पवित्र श्रावण मास के अवसर पर जांजगीर-चांपा स्थित राम मिलेंगे आश्रम, तेंदुआ धाम में भव्य सावन महोत्सव एवं पार्थिव शिवलिंग महा-अनुष्ठान का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था और सनातन संस्कृति से ओतप्रोत इस आयोजन में संतों, धर्म जागरण के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम में धर्म जागरण बस्तर संभाग प्रमुख मोनिका साहा ने विशेष सहभागिता निभाई। इस अवसर पर प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, साध्वी प्रज्ञा, धर्म जागरण की प्रांतीय प्रमुख अंजू गबेल, छत्तीसगढ़ केस शिल्प बोर्ड के अध्यक्ष तथा आश्रम प्रबंधक आचार्य अशोक चतुर्वेदी सहित अनेक संत एवं वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

आयोजकों के अनुसार, महा-अनुष्ठान के दौरान धर्म परिवर्तन कर चुके करीब 500 भाई-बहनों ने वैदिक विधि-विधान एवं गंगाजल से शुद्धिकरण के पश्चात सनातन धर्म में पुनः लौटने की घोषणा की। इसे आयोजकों ने ‘घर वापसी’ अभियान के रूप में बताया।
मोनिका साहा ने कहा कि बस्तर संभाग सहित छत्तीसगढ़ के वनांचलों में सनातन संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि समाज को अपनी जड़ों, परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ना इस प्रयास का प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर मोनिका साहा ने संतों, धर्म जागरण की पूरी टीम और सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। धार्मिक वातावरण में आयोजित महोत्सव का समापन सनातन संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के संकल्प के साथ हुआ।



