” भाजपा नेता के थाने में आवेदन करने के बाद गरमाई राजनीति: भाजपा पदाधिकारी पर कांग्रेस नेता का तंज, फेसबुक पोस्ट से बढ़ी सियासी जंग
पियूष मंडल / संपादक / परलकोट समाचार

पखांजूर।
सुरजागढ़ माइंस के भारी वाहनों के विरोध में कांग्रेस द्वारा किए गए चक्काजाम और उसके बाद दर्ज कराई गई शिकायत का मामला अब राजनीतिक रंग ले चुका है। आंदोलन के दौरान सड़क जाम होने से एक मरीज के अस्पताल पहुंचने में हुई परेशानी को लेकर पखांजूर थाने में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सहित छह लोगों के खिलाफ शिकायत दी गई थी।
इस बीच यह मामला तब और चर्चा में आ गया जब सामने आया कि शिकायतकर्ता विमल डाली भारतीय जनता पार्टी पखांजूर मंडल की कार्यकारिणी के सदस्य हैं। इसके बाद कांग्रेस समर्थकों ने इस मुद्दे को राजनीतिक बताते हुए भाजपा पर सवाल उठाने शुरू कर दिए।
इसी क्रम में कांग्रेस नेता रूप सिंह पोटाई उर्फ गुड्डू ने अपने फेसबुक पोस्ट में भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सुरजागढ़ माइंस के मुद्दे पर जनता में आक्रोश है, लेकिन भाजपा के कुछ नेता आंदोलन का विरोध कर रहे हैं। अपने पोस्ट में उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस का आंदोलन क्षेत्र की जनता की सुरक्षा और हितों के लिए था तथा यह लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।
वहीं भाजपा की ओर से इस पोस्ट पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सुरजागढ़ माइंस और भारी वाहनों का मुद्दा अब केवल जनहित तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी टकराव का नया केंद्र बन गया है।
क्षेत्र में अब लोगों की नजर इस बात पर है कि दोनों दल इस मुद्दे पर आगे क्या रणनीति अपनाते हैं और प्रशासन सड़क सुरक्षा व भारी वाहनों के संचालन को लेकर क्या कदम उठाता है।
राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी तेज है कि सुरजागढ़ माइंस के संचालन और भारी वाहनों के मुद्दे पर कुछ स्थानीय नेताओं की भूमिका सवालों के घेरे में है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाने के बजाय कुछ नेता माइंस प्रबंधन के पक्ष में खड़े दिखाई दे रहे हैं। उनका कहना है कि इसी कारण जनता में यह धारणा बन रही है कि कुछ राजनीतिक चेहरे माइंस को संरक्षण दे रहे हैं, जबकि प्रभावित क्षेत्र के लोगों की सड़क सुरक्षा, दुर्घटनाओं और बुनियादी समस्याओं को अपेक्षित प्राथमिकता नहीं मिल रही है। इन आरोपों पर संबंधित नेताओं की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।




