सुरजगढ़ माइंस की भारी गाड़ियों के विरोध में आज पखांजूर में आंदोलन

पखांजूर।
सुरजगढ़ माइंस की भारी वाहनों की आवाजाही से क्षेत्र की सड़कों के जर्जर होने के विरोध में कांग्रेस द्वारा आज 24 अगस्त को दोपहर 12 बजे पखांजूर पुराना बाजार चौक में आंदोलन एवं धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
पखांजूर कांग्रेस मंडल अध्यक्ष राजदीप हालदार ने आरोप लगाया कि माइंस की सैकड़ों भारी गाड़ियों के लगातार आवागमन से मरोड़ा से महाराष्ट्र सीमा तक सड़क की स्थिति खराब हो गई है। उन्होंने कहा कि PV-39, अंजाड़ी नाला, पखांजूर प्रवेश द्वार, नया बाजार, पुराना बाजार मुख्य चौक, हरनगढ़, कापसी बिजली ऑफिस के पास, PV-34, बड़गांव और छिंदपाल सहित कई स्थानों पर सड़कें जर्जर हो चुकी हैं।
राजदीप हालदार का कहना है कि भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक नहीं लगी तो आने वाले दिनों में स्टेट हाईवे-25 की स्थिति और खराब हो सकती है। भारी वाहनों के कारण छोटे चारपहिया एवं दोपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी हो रही है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्या को लेकर कांग्रेस लगातार आवाज उठाती रही है। आज दोपहर 12 बजे पुराना बाजार चौक में होने वाले आंदोलन में सड़कों की मरम्मत, भारी वाहनों पर रोक और आम जनता की सुरक्षा जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाएंगे।
राजदीप हालदार ने कहा कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक करने के लिए बाध्य होगी। कांग्रेस ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।




