भारी वाहनों के बीच स्कूटी सवार हादसे का शिकार, ट्रैफिक संभालने के इंतजाम पर उठे सवाल

पखांजूर।
माइंस के भारी वाहनों की लगातार आवाजाही वाले मार्ग पर यातायात को व्यवस्थित रखने और सड़क पर मौजूद मवेशियों को हटाने के लिए कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इसके बावजूद शनिवार शाम एक स्कूटी सवार हादसे का शिकार हो गया। हादसे में स्कूटी सवार सड़क पर गिर गया और उसे मामूली चोटें आने की जानकारी है। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है।
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि जब भारी वाहनों की आवाजाही के बीच ट्रैफिक और मवेशियों को नियंत्रित करने के लिए कर्मचारियों की तैनाती की गई है, तो फिर आम राहगीरों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी?
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के बीच दोपहिया वाहन चालकों को काफी सावधानी से गुजरना पड़ता है। ऐसे में केवल कर्मचारी तैनात कर देना पर्याप्त नहीं, बल्कि वास्तव में यातायात व्यवस्था कितनी प्रभावी है, इसकी भी नियमित निगरानी जरूरी है।

हादसा भले ही मामूली रहा हो, लेकिन यह घटना एक बड़ा सवाल जरूर छोड़ गई है—अगर ट्रैफिक व्यवस्था के लिए कर्मचारी मौजूद हैं, फिर भी हादसे होते रहें तो व्यवस्था की जिम्मेदारी आखिर किसकी है?
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि माइंस प्रबंधन और प्रशासन सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करें, ताकि किसी बड़े हादसे का इंतजार न करना पड़े।



