बढ़ती महंगाई के खिलाफ शिवसेना ने सौंपा ज्ञापन, राहत देने की मांग
शिवसेना (यूबीटी) पखांजूर इकाई की ओर से यह ज्ञापन 26 सितंबर 2026 को सौंपा गया।

पखांजूर। लगातार बढ़ती महंगाई और आम जनता पर पड़ रहे आर्थिक बोझ को लेकर शिवसेना (यूबीटी) की पखांजूर इकाई ने राज्यपाल, मुख्यमंत्री एवं कलेक्टर के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पखांजूर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर प्रभावी नियंत्रण और आम लोगों को राहत देने की मांग की गई है।
ज्ञापन में शिवसेना ने कहा कि महंगाई बढ़ने से गरीब, मजदूर, किसान और मध्यमवर्गीय परिवारों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है। पेट्रोल-डीजल की कीमतों का असर परिवहन और माल ढुलाई पर पड़ने से खाद्य पदार्थों एवं अन्य जरूरी सामानों की कीमतें भी बढ़ रही हैं। वहीं बिजली बिल, रसोई गैस, खाद्य तेल, दाल, सब्जियों सहित दैनिक उपयोग की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों से आम परिवारों की परेशानी बढ़ी है।
शिवसेना की प्रमुख मांगें
आवश्यक खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर प्रभावी नियंत्रण किया जाए।
पेट्रोल-डीजल पर कर एवं शुल्क की समीक्षा कर जनता को राहत दी जाए।
बढ़ते बिजली बिल एवं बिजली दरों के बोझ को कम किया जाए।
रसोई गैस एवं दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुओं को आम जनता की पहुंच में रखा जाए।
जमाखोरी, कालाबाजारी एवं मनमाने दाम वसूली पर सख्त कार्रवाई की जाए।
गरीब, मजदूर, किसान एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए महंगाई से राहत की प्रभावी व्यवस्था की जाए।
ज्ञापन के अंत में शिवसेना ने “महंगाई कम करो—जनता को राहत दो” की मांग करते हुए संबंधित सरकार एवं विभागों से तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।




