परलकोट जलाशय की खूबसूरती देखने उमड़ रहे सैलानी, 40 फीसदी पानी के बावजूद आकर्षण बरकरार

पखांजूर।
परलकोट क्षेत्र का सबसे बड़ा और खूबसूरत परलकोट जलाशय इन दिनों सैलानियों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। बारिश के मौसम में जलाशय के आसपास का प्राकृतिक नजारा देखते ही बनता है। हरियाली से घिरे जलाशय का शांत वातावरण लोगों को यहां कुछ समय बिताने के लिए मजबूर कर देता है।

इस साल बारिश कम होने के कारण जलाशय में अभी करीब 40 प्रतिशत ही पानी भरा है। इसके बावजूद रोजाना आसपास के क्षेत्रों से लोग यहां घूमने और प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने पहुंच रहे हैं। हालांकि सैलानियों को इस बार जलाशय के ओवरफ्लो होने वाले खूबसूरत नजारे का इंतजार है।

हर साल जब परलकोट जलाशय लबालब भरकर ओवरफ्लो होता है, तो इसका नजारा बेहद मनमोहक हो जाता है। पानी की तेज धार, चारों तरफ फैली हरियाली और ठंडी हवाएं इस स्थान को पिकनिक और घूमने के लिए खास बना देती हैं।

परलकोट जलाशय को पर्यटन स्थल के रूप में और विकसित किया जाए तो यह क्षेत्र के लिए एक शानदार पर्यटन केंद्र बन सकता है। अच्छी बारिश होने पर जलाशय के ओवरफ्लो होने का नजारा देखने दूर-दूर से सैलानियों के पहुंचने की उम्मीद है। फिलहाल लोग अच्छी बारिश और जलाशय के जल्द लबालब भरने का इंतजार कर रहे हैं।




