PV-09 सत्यानंद नगर में पहाड़ी कटाई का मामला, प्रशासन की जानकारी पर उठे सवाल

पखांजूर।
PV-09 सत्यानंद नगर क्षेत्र में पहाड़ी काटकर मुरूम निकाले जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में पहाड़ी के एक बड़े हिस्से में लगातार कटाई की गई है। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पहाड़ी की कटाई किसके द्वारा और किस अनुमति के आधार पर की जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में छोटी-बड़ी पेड़ो और झाइयों का इलाका है, जिसमें से करीब 1 से 2 एकड़ क्षेत्र में पहाड़ी काटे जाने की बात सामने आ रही है। पहाड़ी की कटाई के बाद यहां से मुरूम निकाले जाने की आशंका जताई जा रही है।
मामले को लेकर जब वन विभाग से जानकारी लेने का प्रयास किया गया तो विभाग की ओर से बताया गया कि उन्हें फिलहाल इसकी जानकारी नहीं है और मौके का निरीक्षण करने के बाद ही स्पष्ट रूप से बताया जा सकेगा कि संबंधित भूमि वन विभाग के अंतर्गत आती है या राजस्व विभाग के।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि इतने बड़े क्षेत्र में पहाड़ी को धीरे-धीरे काटकर उसका स्वरूप बदला जा रहा है, तो स्थानीय प्रशासन को इसकी जानकारी अब तक क्यों नहीं हो पाई? आखिर किसकी अनुमति या संरक्षण में यह काम चल रहा है, यह जांच का विषय है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इतने बड़े पैमाने पर मुरूम निकालने का काम किसी बड़े निर्माण कार्य या ठेकेदार से जुड़ा हो सकता है। हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

अब जरूरत है कि संबंधित विभाग मौके का सीमांकन और निरीक्षण कर यह स्पष्ट करे कि जमीन किस विभाग के अधीन है, पहाड़ी कटाई के लिए कोई अनुमति ली गई है या नहीं और यदि बिना अनुमति के पहाड़ी काटकर मुरूम निकाला जा रहा है तो इसके लिए जिम्मेदार कौन है।
यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह केवल अवैध मुरूम उत्खनन का मामला नहीं, बल्कि प्राकृतिक पहाड़ी क्षेत्र के स्वरूप से छेड़छाड़ का भी गंभीर विषय हो सकता है।




