राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी को लेकर बैंक अधिकारियों की बैठक अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण के लिए आपसी समझौते पर दिया गया जोर

कांकेर।
आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली वर्ष 2026 की तृतीय राष्ट्रीय लोक अदालत की सफल तैयारियों एवं अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण को लेकर जिला न्यायालय कांकेर में बैंक अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कांकेर के अध्यक्ष श्री संजीव कुमार टामक ने की।
बैठक में बैंकों से संबंधित न्यायालयों में लंबित तथा प्री-लिटिगेशन प्रकरणों को आपसी सहमति एवं समझौते के माध्यम से राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिकतम संख्या में निराकृत कराने पर विशेष चर्चा की गई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री टामक ने बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे प्रकरण, जिनमें पक्षकारों के बीच समझौते की संभावना है, उनकी सूची शीघ्र तैयार कर संबंधित न्यायालयों में प्रस्तुत की जाए, ताकि संबंधित पक्षकारों को समय पर सूचना एवं नोटिस जारी कर प्रकरणों का निराकरण कराया जा सके।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत त्वरित एवं सुलहपूर्ण तरीके से विवादों के समाधान का प्रभावी माध्यम है। इसके माध्यम से पक्षकार आपसी सहमति से अपने मामलों का समाधान कर सकते हैं, जिससे समय एवं धन दोनों की बचत होती है।
बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कांकेर की सचिव श्रीमती शांति प्रभु जैन सहित विभिन्न राष्ट्रीयकृत एवं निजी बैंकों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने तथा अधिकाधिक बैंकिंग प्रकरणों के निराकरण के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करने पर सहमति व्यक्त की।




