18 चक्का के बाद अब 22 चक्का, परलकोट की सड़क पर बढ़ा भारी वाहनों का दबाव

पखांजूर।
पखांजूर-परलकोट मार्ग पर सुरजागढ़ माइंस के भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। पहले 18 चक्का ट्रकों का दबाव था, अब 22 चक्का ट्रक भी सड़क पर दौड़ रहे हैं। सड़क पहले ही जगह-जगह गड्ढों में तब्दील है और भारी वाहनों के गुजरने से धूल उड़ रही है।

इसी समस्या को लेकर पखांजूर निवासी शुभम कुंड ने SDM पखांजूर को आवेदन देकर ओवरलोड वाहनों का आवागमन रोकने और कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में 60 से 80 टन तक वजन वाले वाहनों के संचालन तथा करीब 60 वर्ष पुराने अंजली पुल की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई गई है।
स्थानीय लोगों का सवाल है कि जब सड़क की हालत इतनी खराब है तो भारी वाहनों की लगातार आवाजाही पर जिम्मेदारों की नजर कब पड़ेगी? जनप्रतिनिधियों से भी लोग सवाल पूछ रहे हैं कि आखिर इस मुद्दे पर ठोस आवाज कब उठेगी।
फिलहाल सड़क पर ट्रकों की रफ्तार जारी है और जनता धूल फांकने को मजबूर है। अब देखना होगा कि आवेदन के बाद प्रशासन की कार्रवाई सड़क तक पहुंचती है या मामला फिर फाइलों में ही घूमता रहता है।




